Mar 15, 2026

हल्द्वानी ब्लॉगर केस: आरोप और प्रत्यारोप का दौर

post-img

हल्द्वानी। हल्द्वानी की चर्चित ब्लाॅगर ज्योति अधिकारी ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए शनिवार देर शाम फेसबुक पर लाइव आकर सुसाइड करने की धमकी दे डाली। इसके बाद वह काठगोदाम के शीतला माता मंदिर के जंगल में पहुंच गई। मामले की सूचना पर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से लोकेशन ट्रेस कर ज्योति अधिकारी को बेहोशी की हालत में बरामद कर लिया। जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। इससे पहले फेसबुक लाइव आकर ज्योति अधिकारी ने कहा कि उनका लगातार मानसिक उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने एक महिला ब्लाॅगर और एक कारोबारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए पहले ही तहरीर दे दी थी, लेकिन पुलिस ने शिकायत पर ध्यान नहीं दिया। बाद में इन्हीं दोनों लोगों की तहरीर पर उनके और उनके पति के खिलाफ दो प्राथमिकी दर्ज कर दी गई। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी कई प्राथमिकी पुलिस ने उनके खिलाफ की हैं। कहा कि उनका पूरा परिवार डरा हुआ है। बेटे की बोर्ड परीक्षाएं हैं और वह दहशत में है। पुलिस लगातार उनके घर पहुंच रही है। खुलेआम उनके चरित्र का हनन किया जा रहा है और ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हो रही है। 

पड़ोसी ने पुलिस को सौंपी तहरीर, लगाए गंभीर आरोप
वहीं संपदा विहार लालमणि निवाड़ फेस-1 किराना व्यापारी नीरज भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि व अपने घर के बाहर किराने की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि कुछ समय से ज्योति अधिकारी के पति उनकी दुकान के सामने अवैध रूप से शराब बेच रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोपित ने उनके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड होने की बात भी कही गई है। भट्ट का यह भी आरोप है कि इसके बाद ब्लागर ज्योति अधिकारी ने फेसबुक लाइव के माध्यम से उनकी पत्नी के बारे में आपत्तिजनक और झूठे आरोप लगाए व उन्हें भी धमकी दी, जिससे उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचा और मानसिक तनाव का सामना करना पड़ रहा है। तहरीर में कहा गया है कि 12 मार्च को आरोपित पहले उनके घर पहुंचे और धमकी देकर चले गए। बाद में दुकान पर आकर गाली.गलौज करते हुए दोबारा जान से मारने की धमकी दी। इसके अलावा ज्योति अधिकारी ने आपातकालीन सेवा 112 पर यह झूठी सूचना दी गई कि नीरज भट्ट उनके घर पहुंचे हैं, जबकि उस समय वह अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसका प्रमाण सीसीटीवी फुटेज में होने का दावा किया गया है।