Mar 15, 2026

एक दूजे के हुए कुलदीप-वंशिका: बरात में चहल, रिंकू का धमाल,धीरेंद्र शास्त्री ने दिया आशीर्वाद

post-img

मसूरी। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव शनिवार को अपनी मंगेतर वंशिका सिंह के साथ सात फेरे लेकर विवाह बंधन में बंध गए। मसूरी स्थित वेलकम होटल द सेवॉय में आयोजित इस भव्य समारोह में परिवार, करीबी रिश्तेदारों, क्रिकेट जगत की कई हस्तियों और चुनिंदा मेहमानों की मौजूदगी में दोनों ने जीवनभर साथ निभाने का वचन लिया। शादी समारोह पूरे दिन उत्सव के माहौल में चलता रहा और बरात से लेकर जयमाला तक हर पल यादगार बन गया।

सुबह आठ बजे से ही होटल में शादी से जुड़े कार्यक्रम शुरू हो गए थे। मेहमानों के स्वागत के साथ पारंपरिक रस्मों का दौर चला। शाम चार बजे हाई टी के साथ साफा बांधने की रस्म पूरी की गई। इसके बाद शाम करीब पांच बजे होटल के प्रीमियम वैली व्यू विंग से बरात निकली। बरात में क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और रिंकू सिंह समेत कई खिलाड़ियों ने जमकर डांस किया। खासकर रिंकू सिंह और चहल के डांस ने समारोह में अलग ही रंग जमा दिया। बरात में ढोल-नगाड़ों की धुन और मेहमानों के उत्साह से माहौल पूरी तरह उत्सवमय हो गया। शाम करीब साढ़े छह बजे सेंट्रल लॉज में जयमाला का कार्यक्रम संपन्न हुआ। दूल्हा-दुल्हन ने एक-दूसरे को वरमाला पहनाकर जीवन की नई शुरुआत की। इससे पहले कार्यक्रम स्थल को आकर्षक फूलों और रोशनी से बेहद खूबसूरती से सजाया गया था, जिसने समारोह की भव्यता को और बढ़ा दिया। इस खास मौके पर क्रिकेट जगत की कई जानी-मानी हस्तियां भी मौजूद रहीं। समारोह में तिलक वर्मा, मोहम्मद कैफ, आरपी सिंह और सुरेश रैना सहित कई खिलाड़ी पहुंचे। सभी ने कुलदीप और वंशिका को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं और समारोह में जमकर मस्ती की। नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देने के लिए धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री भी देर शाम मसूरी पहुंचे। उन्होंने होटल पहुंचकर शादी समारोह में शिरकत की और दोनों को सुखद वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं। उनके पहुंचते ही बड़ी संख्या में प्रशंसकों की भीड़ उमड़ पड़ी और लोग उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आए। शादी की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी क्रिकेट प्रेमियों और प्रशंसकों ने कुलदीप यादव को बधाइयों से सराबोर कर दिया। समारोह में शामिल होने वाले मेहमानों के लिए तीन दिनों तक विशेष भोजन और विभिन्न पारंपरिक कार्यक्रमों की भव्य व्यवस्था की गई है। इससे पहले शुक्रवार 13 मार्च से ही शादी के कार्यक्रम शुरू हो गए थे। मेहमानों के स्वागत के साथ नाश्ते, हाई टी और पार्टी के बाद विशेष भोज का आयोजन किया गया। कुलदीप और वंशिका की इस शाही शादी ने मसूरी में उत्सव जैसा माहौल बना दिया, जहां क्रिकेट और आध्यात्मिक जगत की हस्तियां एक साथ नजर आईं।